एमपी: भाजपा नेता श्याम साहू की सड़क हादसे में मौत, कार्यकर्ताओं में शोक

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा के वरिष्ठ नेता श्याम साहू की मौत हो गई। यह हादसा रविवार शाम हर्रई क्षेत्र के परतापुर के पास हुआ।

जानकारी के मुताबिक श्याम साहू अपने साथियों के साथ बरमान से नर्मदा स्नान करके कार से वापस हर्रई लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक आयशर ट्रक से उनकी कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्याम साहू की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में कार में सवार अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले हर्रई अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए नरसिंहपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

श्याम साहू हर्रई क्षेत्र में भाजपा के वरिष्ठ और सक्रिय नेता माने जाते थे। बताया जाता है कि वे हर रविवार को बरमान में नर्मदा स्नान के लिए जाते थे। उनकी अचानक मौत की खबर से इलाके में शोक की लहर फैल गई है और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे।

Leave a Comment