राजधानी नई दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। 26 वर्षीय युवक तरुण की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में दिल्ली नगर निगम (MCD) की टीम बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी निजामुद्दीन से जुड़ी संपत्ति पर कार्रवाई शुरू कर दी।
आरोपी की संपत्ति पर चला बुलडोजर
अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान आरोपी से जुड़ी प्रॉपर्टी में अवैध निर्माण पाया गया। इसके बाद MCD की टीम ने 8 मार्च को बुलडोजर चलाकर उस हिस्से को तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी।
कार्रवाई के दौरान इलाके में किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
दिल्ली से बड़ी खबर!
— Panchjanya (@epanchjanya) March 8, 2026
CM रेखा गुप्ता की बड़ी कार्रवाई!
उत्तम नगर में तरुण के हत्यारे कट्टरपंथी मुसलमानों के अवैध घर पर चला बुलडोजर! pic.twitter.com/GSCjeW3nEP
गुब्बारा फेंकने से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार यह पूरा विवाद होली के दिन पानी का गुब्बारा फेंकने से शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि एक लड़की ने कथित तौर पर दूसरे समुदाय की महिला पर पानी का गुब्बारा फेंक दिया, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग सड़क पर इकट्ठा हो गए। इसके बाद विवाद हिंसक हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें करीब आठ लोग घायल हो गए।
इलाज के दौरान तरुण की मौत
मारपीट के दौरान 26 वर्षीय तरुण को गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
7 आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल
पुलिस ने अब तक एक नाबालिग समेत 7 आरोपियों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच जारी है। पहले मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 110 और 3(5) के तहत दर्ज किया गया था, लेकिन तरुण की मौत के बाद धारा 103(1) यानी हत्या की धारा भी जोड़ दी गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और प्रशासन का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।