सूत्रों के मुताबिक, छात्रा ने आत्महत्या करने से पहले अपनी मां को मैसेज भेजा था, जिसमें लिखा था— “I Love You Mummy So Much”। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और जैसे ही फ्लैट का दरवाजा खोला, अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गई।
यूट्यूब पर बनाती थीं वीडियो
छात्रा मूल रूप से आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम की रहने वाली थीं। वह पिछले 11 महीनों से हैदराबाद के एक निजी कॉलेज में बीएससी की पढ़ाई कर रही थीं। पढ़ाई के साथ-साथ वह यूट्यूब पर लाइफस्टाइल और पर्सनल वीडियो भी बनाती थीं।
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस के अनुसार, छात्रा की मां कुवैत में काम करती हैं। छात्रा ने अपनी मां को मैसेज भेजकर छोटे भाई का ख्याल रखने की बात कही और उसके बाद फोन बंद कर दिया। लगातार कॉल न उठाने पर मां ने हैदराबाद में रहने वाले एक परिचित को घर भेजा। दोपहर करीब 3 बजे दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहाँ छात्रा पंखे से लटकी हुई मिलीं।
पहले भी किया था आत्महत्या का प्रयास
पुलिस अधिकारी सीएच वेंकन्ना ने बताया कि मौके से एक सीढ़ी और साड़ी बरामद हुई है। प्रारंभिक जांच में लंबे समय से चल रहे रिश्ते के विवाद के कारण भावनात्मक तनाव की आशंका जताई गई है। छात्रा का एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर और यूट्यूबर के साथ तीन साल से संबंध था, लेकिन हाल ही में दोनों का ब्रेकअप हुआ था। करीब छह महीने पहले भी उन्होंने आत्महत्या का प्रयास किया था।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया जनरल हॉस्पिटल भेज दिया है और मामला दर्ज कर लिया है। फोन रिकॉर्ड, मैसेज, दोस्तों और पड़ोसियों के बयान सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है ताकि घटना के पीछे की पूरी वजह सामने आ सके।